सितम्बर 13, 2026

बिलासपुर में 52.41 करोड़ के सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन

0
1002759368

विमल कांत की रिपोर्ट 7389310970

Hindtimes news 24×7 बिलासपुर, 12 सितंबर। उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने शनिवार को रमा वैली में आयोजित कार्यक्रम में 52.41 करोड़ रुपए के विभिन्न सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुगमता मिलने की उम्मीद है।भूमिपूजन किए गए कार्यों में 40.79 करोड़ रुपए की लागत से पेंड्रीडीह चौक से नेहरू चौक तक 15.37 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण, 8.39 करोड़ रुपए की लागत से हथनी-नवागांव-गोढ़ी-उडगन मार्ग के 5.75 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा बोदरी में 3.23 करोड़ रुपए की लागत से नवीन विश्राम गृह का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक धरमलाल कौशिक ने की।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सड़क विकास कार्य पूर्ण होने से हाई कोर्ट सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सड़क अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दे रही है। पिछले ढाई वर्षों में अकेले बिलासपुर जिले में 1000 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जबकि बिलासपुर संभाग में करीब 3500 करोड़ रुपए के सड़क विकास कार्यों को मंजूरी मिली है।उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्वीकृत कार्यों को समय पर शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से पूरी करने के निर्देश दिए। साव ने बताया कि प्रदेश में सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण के लिए 12,666 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित गारंटियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरा कर रही है। गांव से शहर तक विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का कलंक छत्तीसगढ़ से मिट गया है और प्रदेश में निवेश एवं उद्योग स्थापना के लिए सकारात्मक वातावरण बन रहा है। युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने पर भी सरकार काम कर रही है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में करीब 400 करोड़ रुपए के सड़क विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अच्छी और गुणवत्तापूर्ण सड़कों का होना आवश्यक है।कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवनी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *