मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के किसानों के मुआवजे के लिए ज्वाला बंजारे ने विधायक व विभाग को लिखा पत्र
विमल कांत की रिपोर्ट
Hindtimes news24x7 मस्तूरी। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे ने पहल करते हुए मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया एवं संबंधित विभागों को पत्र लिखकर पूरे मस्तूरी क्षेत्र के प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। 30 अक्टूबर 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में किसान खेती-किसानी पर निर्भर हैं। चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश से किसानों की फसलों को गंभीर क्षति पहुंची है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ज्वाला बंजारे ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र के प्रभावित गांवों में राजस्व विभाग द्वारा तत्काल गूगल सर्वे एवं फोटोग्राफ सहित फसल क्षति का आकलन कराया जाए तथा सर्वे रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेजकर किसानों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। उन्होंने विधायक दिलीप लहरिया से इस मामले को शासन स्तर पर उठाकर किसानों को राहत दिलाने का आग्रह किया है। साथ ही कलेक्टर बिलासपुर, एसडीएम मस्तूरी, जिला कृषि अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्वाला बंजारे ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। पूरे मस्तूरी क्षेत्र के किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा मिले, इसके लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।

