ग्रामीण सड़कों की मांग को लेकर दामोदर कांत की भूख हड़ताल को ज्वाला बंजारे का समर्थन,बोले जनहित के लिए साथ खड़े रहेंगे
विमल कांत की रिपोर्ट
Hindtimes news24x7 मस्तूरी। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण सहित जनहित से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत द्वारा प्रस्तावित भूख हड़ताल को जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे ने अपना समर्थन दिया है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को पत्र लिखकर ग्रामीणों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे ने पत्र में स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति और अन्य बुनियादी समस्याएं आम नागरिकों के दैनिक जीवन को प्रभावित करती हैं। खराब सड़कों के कारण विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संबंधित मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करना जरूरी है। भूख हड़ताल में शामिल होने की घोषणा ज्वाला प्रसाद बंजारे ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत द्वारा उठाई गई मांगें जनहित से जुड़ी हैं। यदि ग्रामीणों की जायज मांगों पर समय रहते सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है, तो वे भी दामोदर कांत के साथ प्रस्तावित भूख हड़ताल में शामिल होकर अपना समर्थन देंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना उनका दायित्व है। मंत्री से की शीघ्र कार्रवाई की मांग केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को लिखे पत्र में बंजारे ने संबंधित मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने, आवश्यक प्रशासकीय स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ग्रामीण जनता की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल सके और लोगों को राहत मिले। ज्वाला प्रसाद बंजारे ने दोहराया कि जनहित के मुद्दों पर वे क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं और ग्रामीणों की जायज मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।


