तीन सड़कों की स्वीकृति और बजट आवंटन की मांग को लेकर 2 नवंबर को भूख हड़ताल करेंगे जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत,लावर मोड मेन रोड के पास दोपहर 12 बजे बैठेंगे धरने पर प्रशासन को दी पूर्ण सूचना
विमल कांत की रिपोर्ट 7389310970
Hindtimes news24x7 मस्तूरी/बिलासपुर। क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की स्वीकृति और बजट आवंटन की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने 2 नवंबर 2026 को भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 22 सितंबर 2026 को कलेक्टर, बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बावजूद 28 अक्टूबर तक सड़कों की स्वीकृति एवं बजट आवंटन के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने आंदोलन का निर्णय लिया है।दामोदर कांत के अनुसार, क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन सड़कों के निर्माण की मांग लगातार उठाई जा रही है। इनमें ग्राम लावर से गिधपुरी पहुंच मार्ग, ग्राम केवतरा से चिल्हाटी पहुंच मार्ग तथा ग्राम बकरकुदा से मटिया पहुंच मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर 2 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे लावर मोड स्थित मेन रोड के पास भूख हड़ताल की जाएगी। इसकी पूर्व सूचना भी दी गई है। उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए इन तीनों सड़कों की जल्द स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक बजट आवंटित किया जाना चाहिए।
दामोदर कांत ने कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की विकास संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तीनों सड़कों की स्वीकृति और बजट आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।
सड़क नहीं तो विकास नहीं के नारे के साथ दामोदर कांत ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है। अब देखना होगा कि भूख हड़ताल से पहले प्रशासन की ओर से इन मांगों पर क्या पहल की जाती है।


