बहतराई स्टेडियम में गूंजा तीजा तिहार का उल्लास मुख्यमंत्री साय ने की रामदेवरी नामकरण और बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख की घोषणा
विमल कांत की रिपोर्ट
Hindtimes news बिलासपुर/ बहतराई स्टेडियम में रविवार को तीजा तिहार के अवसर पर भव्य तीजा मिलन समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में माताएं-बहनें पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। झूले, मेहंदी, भोजन, उपहार और मनोरंजक गतिविधियां आयोजन का विशेष आकर्षण रहीं।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीजा को आस्था, प्रेम और पारिवारिक सुख-समृद्धि का पर्व बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में तीजा का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश की महिलाएं अब योजनाओं की लाभार्थी ही नहीं, बल्कि विकास की भागीदार और आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं।मुख्यमंत्री ने की दो बड़ी घोषणाएंकार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिल्हा विकासखंड के चोरहादेवरी गांव का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही माघी पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा की। घोषणाओं का उपस्थित लोगों ने जोरदार स्वागत किया।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं ड्रोन दीदियां आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़कर प्रतिदिन हजारों रुपए तक की आय अर्जित कर रही हैं।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीजा को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व बताया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने तीजा को छत्तीसगढ़ की माटी और संस्कृति से जुड़ा पर्व बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा, राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे। गीत-संगीत, पारंपरिक वेशभूषा और उत्सवी माहौल से पूरा बहतराई स्टेडियम तीजा की खुशियों से सराबोर रहा।

