जर्जर सड़क बनी हादसे की वजह, नवभारत संवाददाता मुकेश कुमार कांत का हाथ फैक्चर
विमल कांत की रिपोर्ट
Hindtimes news पचपेड़ी। थाना क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत जलसों-भरारी को जोड़ने वाली करीब 25 किलोमीटर लंबी सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते आए दिन राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी दौरान सड़क दुर्घटना में नवभारत संवाददाता मुकेश कुमार कांत का हाथ फैक्चर हो गया। उन्होंने दुर्घटना के लिए जर्जर सड़क को जिम्मेदार बताते हुए शासन-प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर कई बार खानापूर्ति की गई, लेकिन गुणवत्तापूर्ण काम नहीं होने के कारण बारिश के दौरान मरम्मत किए गए गड्ढे दोबारा उखड़ गए। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में अनियमितता की जांच की मांग भी की है। उनका कहना है कि आज तक किसी वरिष्ठ अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति की जांच नहीं की।
यह मार्ग बिलासपुर जिले के पचपेड़ी क्षेत्र को जांजगीर जिले से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क खराब होने के कारण ग्रामीणों के साथ छात्र, युवा, किसान, बुजुर्ग और महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। गर्भवती महिलाओं और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खराब सड़क का असर स्थानीय व्यापार और आवागमन पर भी पड़ रहा है।
ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवा-छात्र संगठनों द्वारा सड़क की स्थिति को लेकर कई बार आवाज उठाई जा चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि जिला प्रशासन, कलेक्टर कार्यालय और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को आवेदन एवं शिकायतें देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सड़क की उच्चस्तरीय जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।

