राजपुर में धूमधाम से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, उमड़ा 20 हजार का जनसैलाब
संवाददाता- विकास कुमार यादव
Hindtimes news राजपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को राजपुर के धान मंडी प्रांगण में आदिवासी समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार समारोह में करीब 20 हजार लोगों की भीड़ जुटी। पारंपरिक वेशभूषा, पीले झंडों और ढोल-नगाड़ों के बीच पूरा राजपुर आदिवासी एकता और सांस्कृतिक उत्साह से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, कार्यक्रम के अध्यक्ष लालसाय मिंज उपस्थित रहे। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष दयासागर सिंह पैकरा सहित समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। वक्ताओं ने आदिवासी समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक विकास और अधिकारों के संरक्षण को लेकर विचार रखे।कार्यक्रम के बाद धान मंडी प्रांगण से विशाल रैली निकाली गई। रैली राजपुर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सरगुजा पेट्रोल पंप तक पहुंची। इसमें महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में पीले झंडे लेकर निकले लोगों के साथ ढोल-नगाड़ों की गूंज और आदिवासी समाज के नारों से नगर का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।आयोजक कृष्णनाथ टोप्पो के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अनिल खलखो, देवबली, सुनील करकेटा, आलोक सिंह, अनिल भारती, रवि प्रताप मरावी, तेज प्रताप शांडिल्य, रंजीत बड़ा एवं पारसनाथ सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।समारोह में जल, जंगल, जमीन और आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। समाज के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक आदिवासी परंपराओं को पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजन ने राजपुर में आदिवासी समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की।

