नवम्बर 26, 2026

13 लाख की लागत से बिनैका में बनेगा आंगनबाड़ी भवन,संविधान दिवस की उपलक्ष्य में हुआ भूमि पूजन

0
IMG-20261126-WA0441

विमल कांत की रिपोर्ट

चंद्र प्रकाश सूर्या और ज्वाला बंजारे ने समानता शिक्षा व सामाजिक एकता का दिया संदेश

Hindtimes news मस्तूरी। ग्राम पंचायत डंगनिया के आश्रित ग्राम बिनैका में संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित अतिथियों ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए

उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बाबा साहेब के जीवन एवं विचारों पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का रक्षक : चंद्र प्रकाश सूर्या कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सूर्या ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय प्रदान करने का आधार है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने और वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए समर्पित किया। संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, विचारों और योगदान को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, समानता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देकर ही हम बाबा साहेब के सपनों का समाज बना सकते हैं। शिक्षा और एकता से ही होगा समाज का विकास : ज्वाला बंजारे जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावशाली माध्यम बताया था। उनका संदेश शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संविधान के महत्व को समझना चाहिए और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। समाज में शिक्षा, आपसी भाईचारे और एकता की भावना मजबूत होगी, तभी एक समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।नवीन आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन,संविधान दिवस के कार्यक्रम के पश्चात ग्राम बिनैका में नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। चंद्र प्रकाश सूर्या के हाथों विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नवीन आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से गांव के नौनिहालों को बेहतर शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। भवन निर्माण से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।
इस अवसर पर मल्हार मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता भागबली घृतलहरे, मल्हार भाजपा मंडल उपाध्यक्ष लोकनाथ बंजारे, जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे, सरपंच हर प्रसाद भारते, उपसरपंच गोपाल जांगड़े, लल्लू पुरैना, राकेश टंडन, योगेश मिरी, राकेश जांगड़े एवं मनालाल टंडन सहित गांव के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों