जर्जर सड़क ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी, गड्ढों में तब्दील मार्ग से आवागमन जोखिम भरा
सड़क की हालत सुधारने की मांग तेज, दुर्घटना की आशंका के बीच ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभाग से तत्काल मरम्मत की मांग की
विमल कांत की रिपोर्ट
Hindtimes news मस्तूरी। क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्र सौंपकर सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया है। पत्र में बताया गया है कि मार्ग की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, कर्मचारी और वाहन चालक इस सड़क से गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण लोगों को समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।पत्र के माध्यम से जर्जर सड़क का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य कराने की मांग की गई है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में सड़क निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के समक्ष मांग को और मजबूती से उठाया जाएगा।



