केवटपारा स्कूल में बाल मेले की धूम नन्हे विद्यार्थियों ने लगाए आकर्षक स्टॉल
विमल कांत की रिपोर्ट
Hindtimes news मल्हार। केवटपारा माध्यमिक शाला में बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। इसमें पीएम श्री प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए। बच्चों ने अपने हाथों से तैयार की गई सामग्री एवं खाद्य वस्तुओं की बिक्री कर मेले का आनंद लिया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुरस्कृत सेवानिवृत्त प्रधान पाठक अकत राम सिन्हा, मल्हार विकास मंच के अध्यक्ष संजीव पांडेय एवं सेवानिवृत्त प्रधान पाठक डॉ. एस.एन. गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं जतन कैवर्त अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति, दुखीराम केवट, नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केवर्त, पार्षद मिलुराम कैवर्त एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धनेश्वर कैवर्त की गरिमामयी उपस्थिति रही। बाल मेले में विद्यार्थियों ने अलग-अलग स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों ने स्वयं अपने स्टॉलों का संचालन करते हुए ग्राहकों को सामग्री बेची। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को लेन-देन, व्यवहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास एवं स्वरोजगार की प्रारंभिक समझ विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पाठक जे.पी. साहू, भूपेंद्र बनाफर, सुयोग प्रताप सिंह, श्रीमती शारदा सिंह चंदेल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।बाल मेले में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यार्थियों ने अपने हुनर और मेहनत से आयोजन को यादगार बना दिया।

