मस्तूरी एसडीएम ने जूस पिलाकर दामोदर कांत का भूख हड़ताल तोड़वाया जल्द होगा सड़क का निर्माण कार्य
विमल कांत की रिपोर्ट
मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का मिला भरोसा, दामोदर कांत बोले– तय समय में समाधान नहीं हुआ तो फिर होगा बड़ा आंदोलन
Hindtimes news24x7 मस्तूरी। ग्रामीण सड़कों और जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत द्वारा की जा रही भूख हड़ताल बुधवार को अधिकारियों की मौजूदगी में समाप्त हो गई। अधिकारियों ने मंच पर दामोदर कांत को अपने हाथों से जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। जैसे ही भूख हड़ताल समाप्त होने की घोषणा हुई, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं भारत माता की जय और छत्तीसगढ़ महतारी की जय के नारों से आंदोलन स्थल का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

भूख हड़ताल स्थल पर बड़ी संख्या में समर्थक, ग्रामीण एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। आंदोलन के दौरान अधिकारियों ने दामोदर कांत की मांगों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से मिले भरोसे और जनहित में सकारात्मक पहल की उम्मीद के बाद दामोदर कांत ने अपना अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया। जनता के हक और क्षेत्र के विकास के लिए थी लड़ाई – दामोदर कांत अनशन समाप्त होने के बाद मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने कहा कि उनकी यह भूख हड़ताल किसी व्यक्तिगत स्वार्थ या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई थी। जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दिलाना ही उनके आंदोलन का मुख्य उद्देश्य रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और शीघ्र कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। इसी आश्वासन तथा समर्थकों और शुभचिंतकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए वे फिलहाल अपना अनशन समाप्त कर रहे हैं।मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर छेड़ेंगे आंदोलन
दामोदर कांत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप यदि निर्धारित समय-सीमा में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो वे एक बार फिर जनता के हित में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर उनकी आवाज आगे भी इसी तरह बुलंद रहेगी।अंत में उन्होंने भूख हड़ताल के दौरान प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों, समर्थकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।


